Gaming Addiction Turns Fatal: मोबाइल गेम खेलने की लत कितनी खतरनाक हो सकती है, इसका एक दर्दनाक मामला मेरठ से सामने आया है। यहां PUBG गेम की लत ने 22 साल के युवक मोहम्मद कैफ की जान ले ली। गाजियाबाद में तीन बहनों की आत्महत्या की घटना के बाद यह मामला सामने आया, जिसने सभी को झकझोर दिया। बताया जा रहा है कि देर रात तक गेम खेलने के दौरान उसका ब्लड प्रेशर अचानक बहुत ज्यादा बढ़ गया और उसकी हालत बिगड़ गई।
देर रात खेल रहा था गेम
मेरठ के खैरनगर इलाके की गूलर वाली गली में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर फारुक का इकलौता बेटा मोहम्मद कैफ शुक्रवार रात अपने कमरे में मोबाइल पर PUBG खेल रहा था। उसने हेडफोन लगा रखा था और देर रात तक गेम में लगा हुआ था। परिवार वालों के अनुसार, पिछले चार महीनों से उसे ऑनलाइन गेमिंग की बुरी लत लग गई थी। शुक्रवार रात करीब 3 बजे अचानक वह खेलते-खेलते बेड से नीचे गिर पड़ा।
ब्लड प्रेशर हुआ बेहद ज्यादा
जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो कैफ की हालत बेहद खराब थी। उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच की तो पता चला कि उसका ब्लड प्रेशर 300 के पार पहुंच चुका था, जिसे देखकर डॉक्टर भी हैरान रह गए। हालत गंभीर होने पर उसे तुरंत दिल्ली के बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान मौत
दिल्ली के अस्पताल में कैफ ने दो दिन तक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ी। आखिरकार रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक, ज्यादा तनाव और उत्तेजना के कारण उसका ब्लड प्रेशर अचानक बहुत बढ़ गया, जिससे ब्रेन हेमरेज हो गया। दिमाग की नस फटने से ही उसकी जान चली गई।
पहले रील बनाता था युवक
कैफ के पिता फारुक ने बताया कि उनका बेटा पहले सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक रखता था। लेकिन पिछले कुछ महीनों से वह PUBG का इतना आदी हो गया था कि दिन-रात गेम खेलता रहता था। परिवार ने कई बार उसे समझाया, डांटा भी, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी और गेमिंग में ही डूबा रहा।
परिवार में मचा मातम
कैफ अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि ऑनलाइन गेम्स युवाओं के दिमाग में डोपामाइन बढ़ा देते हैं, जिससे उन्हें इसकी आदत लग जाती है और वे ज्यादा समय तक खेलते रहते हैं।
डॉक्टरों की अहम चेतावनी
डॉक्टरों और विशेषज्ञों का कहना है कि ज्यादा देर तक मोबाइल गेम खेलना मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है। लगातार तनाव और नींद की कमी से ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है, जो जानलेवा साबित हो सकता है। युवाओं और परिवारों को इस पर ध्यान देने की जरूरत है।










