Asthi Visarjan: समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की अस्थियों का विसर्जन आज हरिद्वार में किया जाएगा। यह पूरा कार्यक्रम सनातन परंपरा और पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न होगा।।प्रतीक यादव के निधन के बाद सैफई परिवार लगातार शोक में डूबा हुआ है। शनिवार सुबह से ही परिवार के लोग अस्थि विसर्जन की तैयारियों में जुट गए। गौरतलब है कि बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद 38 साल की उम्र में प्रतीक यादव का निधन हो गया था।
चार्टर प्लेन से रवाना होगा परिवार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव के बेटे और सांसद आदित्य यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव तथा विधायक तेज प्रताप यादव लखनऊ के बैकुंठ धाम पहुंचे। इसके बाद सुबह करीब 10:30 बजे अस्थि कलश लेकर पूरा परिवार चार्टर प्लेन से हरिद्वार के लिए रवाना होगा। प्रतीक यादव की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव भी अपने 99इप00परिवार के साथ इस यात्रा में शामिल होंगी।
स्वामी अवधेशानंद कराएंगे पूजा
हरिद्वार के वीआईपी घाट पर प्रतीक यादव का अस्थि विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान पूजा-पाठ और धार्मिक विधियां प्रसिद्ध संत स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज की देखरेख में पूरी होंगी। इस मौके पर प्रतीक यादव की दोनों बेटियां और अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह भी मौजूद रहेंगे। परिवार के करीबी सदस्य और सांसद आदित्य यादव अपने भाई की अस्थियों को मां गंगा में प्रवाहित करेंगे।
पोस्टमार्टम में सामने आई मौत की वजह
बुधवार सुबह प्रतीक यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में शरीर पर कुछ हल्के चोट के निशान मिले थे, हालांकि डॉक्टरों ने साफ किया कि ये चोटें जानलेवा नहीं थीं। बाद में आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह ‘पल्मोनरी एंबोलिज्म’ बताई गई। डॉक्टरों के अनुसार इस बीमारी में फेफड़ों की नसों में खून के थक्के जम जाते हैं, जिससे अचानक सांस रुक सकती है। रिपोर्ट में बताया गया कि प्रतीक यादव के फेफड़ों में भी ब्लड क्लॉटिंग हुई थी।
गुरुवार को हुआ था अंतिम संस्कार
इससे पहले गुरुवार को लखनऊ के भैंसाकुंड स्थित बैकुंठ धाम में प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार किया गया था। उस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, शिवपाल सिंह यादव और पूरा सैफई परिवार एक साथ नजर आया। समाजवादी पार्टी के कई बड़े नेता और बड़ी संख्या में समर्थक भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे थे। प्रतीक यादव को उनके ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने मुखाग्नि दी थी। पूरे माहौल में गम और भावुकता साफ दिखाई दे रही थी।








