लखनऊ ऑनलाइन डेस्क। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान नागरिकों को 48 घंटे के अंदर देश छोड़ने का अल्टीमेटम दिया है। जिसके बाद पाकिस्तानी अपना बुरिया-बिस्तर समेट कर बार्डर की तरफ चल पड़े हैं। यूपी में भी पाकिस्तानियों को बाहर किए जाने का ऑपरेशन शुरू हो गया है। इसी के चलते अब सोशल मीडिया पर नेपाल के रास्ते भारत आई सीमा हैदर को पाकिस्तान भेजने की मांग उठने लगी है। लोग सचिन की लैला को हरहाल में देश से निकाले जानें को लेकर सोशल मीडिया पर बयानबाजी कर रहे हैं। लेकिन एक कानून के तहत सीमा हैदर अभी भारत में ही रहेगी।
क्यों उठी सीमा को भारत से निकाले जानें की मांग
दरअसल, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकियों ने 28 मासूम सैलानियों का धर्म पूछकर हत्या कर दी थी। जिसके चलते पूरे देश में उबाल है। लोग पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हमले के बाद भारत सरकार की तरफ से कड़े फैसले लिए गए। जिसमें कहा गया है कि पाकिस्तान के सभी नागरिकों के बीजा तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिए गए हैं। पाकिस्तानी नागरिक 48 घंटे के अंदर भारत छोड़ दें। सरकार के आदेश के बाद इस पर अमल भी शुरू हो गया है। यूपी से भी पाकिस्तानी नागरिकों को एक-एक कर निकाला जा रहा है। लोग सोशल मीडिया पर सीमा हैदर को भी देश से निकाले जानें की मांग कर रहे हैं।
नेपाल के रास्ते भारत आई थी सीमा हैदर
दरअसल, पाकिस्तान के कराची की रहने वाली सीमा हैदर का नोएडा निवासी सचिन ने पब्जी गेम के जरिए दोस्ती हुई। दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद सीमा अपने चार बच्चों के साथ भारत आ गई। अब वह सचिन के साथ नोएडा में रह रही है। हाल ही में दोनों को एक बच्ची भी हुई है। सीमा ने अपने धर्म भी परिवर्तन कर हिन्दू बन गई हैं। अपना और अपने बच्चों के नाम भी बदल लिए हैं। अब सरकार के इस फैसले का सीमा हैदर पर क्या प्रभाव पड़ेगा, उसको लेकर पुलिस का कहना है कि सीमा पर कोई सीधा असर नहीं होगा। क्योंकि सीमा वीजा के जरिए भारत नहीं आई थी। बल्कि अवैध तरीके से सीमा पार कर भारत में दाखिल हुई है।
मामला अदालत में विचाराधीन
पुलिस का कहना है कि सीमा हैदर के खिलाफ मामला अदालत में विचाराधीन है। जब तक कोर्ट कोई फैसला नहीं देती, तब तक उन्हें देश से निकाला नहीं जा सकता। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस केंद्र सरकार के भी संपर्क में है। ऐसे में कह सकते हैं कि फिलहाल सीमा हैदर अभी पाकिस्तान नहीं जाएगी। वह नोएडा में ही रहेगी। सीमा हैदर के वकील एपी सिंह का कहना है कि घटना से सीमा व सचिन परेशान हैं। सीमा सनातन धर्म अपना चुकी है। उसके दस्तावेज गृह मंत्रालय, भारत सरकार और एटीएस के पास जमा हैं। राष्ट्रपति के पास याचिका लंबित है। सीमा द्वारा जमानत के आदेश का पालन किया जा रहा है।
सीमा भारत में रह सकती है
सीमा हैदर के पड़ोसियों का कहना है कि अब वो भारतीय है और उसकी एक बच्ची भी है, भारतीय है। स्थानीय युवकों ने कहा कि सीमा हैदर को पाकिस्तान नहीं जाना चाहिए क्योंकि वो हमारी भाभी है। वहीं कानून के जानकारों का कहना है कि सीमा का मामला कोर्ट में विचाराधीन हैं। सीमा बिना बीजा के भारत में दाखिल हुई थी। पुलिस ने सीमा को जेल भेजा था। ऐसे में जब तक केस कोर्ट में चलेगा, सीमा भारत में रह सकती है। वहीं कुछ लोग सीमा हैदर के विरोध में आवाज बुलंद कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि भारत सरकार को हरहाल में सीमा को पाकिस्तान भेज देना चाहिए। सीमा भारत की नागरिक नहीं है।