Uttar Pradesh: वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग अब घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़ा अभियान शुरू करने जा रहा है। ‘Visit My State’ नाम के इस अभियान के तहत प्रदेशवासियों को विदेश यात्रा के बजाय अपने ही राज्य के पर्यटन स्थलों की सैर के लिए प्रेरित किया जाएगा।
पर्यटन विभाग द्वारा संचालित राही पर्यटक आवासों में पर्यटकों को 25 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। वहीं प्रदेश के संग्रहालयों में अगले दो महीने तक प्रवेश निशुल्क रहेगा।
प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए तैयार होंगे खास पैकेज
पर्यटन मंत्री Jaiveer Singh ने विभागीय बैठक में अधिकारियों को वाराणसी, आगरा, मथुरा, लखनऊ, प्रयागराज, मीरजापुर और अयोध्या जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए विशेष टूर पैकेज तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि टूर ऑपरेटर्स के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लोगों को उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक, धार्मिक और प्राकृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जाए।
डेस्टिनेशन वेडिंग को मिलेगा बढ़ावा
सरकार अब हेरिटेज स्थलों, किलों और ईको साइट्स को डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में भी विकसित करने की तैयारी में है। पर्यटन मंत्री ने अधिकारियों को वेडिंग प्लानर्स और आयोजनकर्ताओं से समन्वय स्थापित कर प्रदेश के ऐतिहासिक स्थलों को विवाह और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
इसके अलावा रेस्टोरेंट एसोसिएशन के साथ मिलकर पर्यटकों को भोजन और अन्य सेवाओं पर विशेष छूट देने की संभावनाएं भी तलाशने को कहा गया है।
सरकारी खर्च और ईंधन बचत पर भी जोर
बैठक के दौरान अधिकारियों को सरकारी वाहनों के न्यूनतम उपयोग, कार पूलिंग और विभागीय फ्लीट में वाहनों की संख्या कम करने के निर्देश भी दिए गए।





