Today Weather : दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। सुबह का घना कोहरा और दिनभर चलने वाली शीतलहर लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। राजधानी दिल्ली में ठंड के साथ प्रदूषण का स्तर भी खतरनाक हो चुका है। शनिवार से बारिश की संभावना जताई गई है, और आज से ठंड में और बढ़ोतरी की उम्मीद है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी ने ठंड को और ज्यादा कष्टदायक बना दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि यह ठंडक पूरे जनवरी महीने तक बनी रह सकती है। आइए जानते हैं आज के दिन का मौसम कैसा रहेगा।
दिल्ली के मौसम का हाल
दिल्ली में शुक्रवार को ज्यादातर इलाकों में मध्यम कोहरा छाया रहेगा, जबकि कुछ स्थानों पर घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है। आज न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 11 जनवरी को दिल्ली में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे अधिकतम तापमान गिरकर 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक पहुंच सकता है।
आपको बता दें कि, 12 जनवरी को आकाश में बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक रह सकता है। 13 से 15 जनवरी के बीच दिल्ली में हल्के से मध्यम कोहरा रहने की संभावना है। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान 18 से 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री तक रहने का अनुमान है।
यूपी, बिहार और राजस्थान का मौसम अपडेट
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। लखनऊ में शुक्रवार सुबह कोहरा छाया रहेगा, लेकिन दिन में धूप निकल सकती है। शनिवार से हवाओं का रुख बदलने के कारण बादल छाए रहेंगे और बारिश होने की संभावना है। रविवार को भी हल्की बारिश हो सकती है। 13 जनवरी से ठंड और बढ़ने की उम्मीद है। बिहार में ठंडी पछुआ हवाओं के कारण शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक इस स्थिति में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
यह भी पढ़ें : मिल्कीपुर के साथ ही महाकुंभ को लेकर चंद्रशेखर ने कह दी बड़ी बात, ‘जिन्होंने किए होंगे…
ठंड का प्रकोप जारी रहेगा राजस्थान के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग ने छह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शनिवार को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और अजमेर में हल्की बारिश हो सकती है। 11 जनवरी को सीकर, चूरू, झुंझुनू और अलवर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।