Vaibhav Suryavanshi Creates IPL History: आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा चर्चा जिस खिलाड़ी की रही, वह 15 साल के वैभव सूर्यवंशी रहे। युवा बल्लेबाज ने पूरे सीजन में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाया। उन्होंने 16 मैचों की 16 पारियों में 48.50 की औसत और 237.31 की शानदार स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। वैभव ने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उनके बल्ले से 5 अर्धशतक और 1 शतक निकला। इस सीजन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन रहा। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने कुल 776 रनों में से 684 रन सिर्फ चौकों और छक्कों की मदद से बनाए।
चौके-छक्कों की बरसात
वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने 63 चौके और 72 छक्के लगाए। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। यही वजह रही कि वह पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। ऑरेंज कैप जीतने के साथ ही वैभव आईपीएल इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए। इतनी कम उम्र में ऐसा प्रदर्शन क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ऑरेंज कैप की दौड़ में कौन-कौन रहा आगे
ऑरेंज कैप की सूची में दूसरे स्थान पर गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल रहे। उन्होंने 16 मैचों में 732 रन बनाए। तीसरे स्थान पर उनके ही साथी बल्लेबाज साई सुदर्शन रहे, जिन्होंने 17 मैचों में 722 रन बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन 624 रन के साथ चौथे स्थान पर रहे। वहीं ईशान किशन ने 602 रन बनाकर पांचवां स्थान हासिल किया।
ऑरेंज कैप का गौरवशाली इतिहास
आईपीएल इतिहास में पहली बार ऑरेंज कैप जीतने का सम्मान शॉन मार्श को मिला था। उन्होंने 2008 में पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए 11 मैचों में 616 रन बनाए थे। पिछले सीजन यह खिताब साई सुदर्शन ने अपने नाम किया था। उन्होंने 759 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का सम्मान हासिल किया था। लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल की उम्र में यह उपलब्धि हासिल कर इतिहास में अपनी अलग पहचान बना ली है।
रिकॉर्ड जो लंबे समय तक याद रहेगा
आईपीएल में कई बड़े बल्लेबाज ऑरेंज कैप जीत चुके हैं। इस सूची में विराट कोहली, डेविड वॉर्नर, क्रिस गेल, सचिन तेंदुलकर, जोस बटलर और शुभमन गिल जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं।
इसके बावजूद वैभव की उपलब्धि खास मानी जा रही है, क्योंकि इतनी कम उम्र में किसी खिलाड़ी ने ऐसा प्रदर्शन पहले नहीं किया। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यह रिकॉर्ड लंबे समय तक सुरक्षित रह सकता है।
ट्रॉफी और ऑरेंज कैप का दुर्लभ संयोग
आईपीएल इतिहास में अब तक बहुत कम खिलाड़ी ऐसे रहे हैं, जिन्होंने ऑरेंज कैप जीतने के साथ अपनी टीम को चैंपियन भी बनाया। 2014 में रॉबिन उथप्पा ने यह कारनामा किया था, जब कोलकाता नाइट राइडर्स ने खिताब जीता था। इसके बाद 2021 में रुतुराज गायकवाड़ ने ऑरेंज कैप जीती और चेन्नई सुपर किंग्स चैंपियन बनी। यही कारण है कि ऑरेंज कैप और ट्रॉफी जीतने का यह संयोग बेहद खास माना जाता है।








