Delhi weather: दिल्ली-NCR में बीते दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शुक्रवार की शाम को धूल भरी तेज आंधी ने लोगों को हैरान कर दिया। कई इलाकों में दृश्यता कम हो गई और हल्की-हल्की बारिश शुरू हो गई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दो घंटे में दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद सहित आसपास के क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। तेज हवाओं की गति 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, बिजली गिरने और तेज गर्जना का भी अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में इसका व्यापक असर देखने को मिल सकता है।
Delhi-NCR में मौसम का बदला मिजाज
शुक्रवार की शाम Delhi-NCR में धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी ने लोगों को चौंका दिया। दिन भर की गर्मी के बाद अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुड़गांव में तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ गिरने और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
IMD के मुताबिक, अगले कुछ घंटों में मौसम और भी खराब हो सकता है। विभाग ने चेतावनी दी है कि दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की पूरी संभावना है।
इन जिलों में दिखेगा असर
धूल भरी आंधी और बारिश का असर केवल दिल्ली-NCR तक सीमित नहीं है। हरियाणा के करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, पलवल सहित कई जिलों में भी इसका प्रभाव देखने को मिल रहा है। वहीं, उत्तर प्रदेश के मेरठ, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और हाथरस जैसे जिलों में भी गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान के अलवर, भिवाड़ी, कोटपुतली और डीग जैसे क्षेत्रों में भी तेज हवाओं और बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और घर से बाहर निकलने से पहले मौसम अपडेट देखने की सलाह दी है।
























