टीवी अभिनेत्री जैस्मिन भसीन के फैंस के लिए चिंताजनक खबर सामने आई है। ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की शूटिंग पूरी करने के बाद जैस्मिन अपने बॉयफ्रेंड अली गोनी के साथ जन्मदिन मनाने दुबई पहुंची थीं, लेकिन वहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
अस्पताल में मनाया जन्मदिन
अली गोनी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें और एक वीडियो शेयर किया है। तस्वीरों में जैस्मिन अस्पताल के बेड पर नजर आ रही हैं, जबकि एक अन्य फोटो में वह व्हीलचेयर पर दिखाई दे रही हैं। वीडियो में अभिनेत्री अस्पताल के कमरे में ही अपना बर्थडे केक काटती नजर आ रही हैं।
इन तस्वीरों के साथ अली ने भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि वे दुबई जैस्मिन का जन्मदिन खास बनाने आए थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। उन्होंने कहा कि जैस्मिन को दर्द में देखना इस ट्रिप का सबसे मुश्किल अनुभव रहा और उनकी सबसे बड़ी दुआ यही है कि वह जल्द स्वस्थ होकर फिर से मुस्कुराने लगें।
अली गोनी ने दिया हेल्थ अपडेट
अली गोनी की पोस्ट के बाद फैंस और टीवी इंडस्ट्री के कई सितारे अभिनेत्री के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हो गए। रुबीना दिलैक, रुहानिका धवन और रीम शेख समेत कई कलाकारों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
बाद में अली ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बताया कि जैस्मिन को सीरियस इन्फेक्शन हुआ है। उन्होंने लिखा कि जन्मदिन मनाने के लिए दुबई पहुंचे थे, लेकिन अचानक जैस्मिन की तबीयत बेहद खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उन्होंने फैंस का उनकी दुआओं, प्यार और समर्थन के लिए आभार भी जताया।




