UPITS 2026: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और कारोबारी क्षेत्र को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने वाला यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 अब अंतिम तैयारियों में पहुंच गया है। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का आयोजन होगा। इसका उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि समापन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे।
‘अद्वितीय सोर्सिंग का अद्भुत मंच’ होगी थीम
इस वर्ष UPITS-2026 की केंद्रीय थीम ‘अद्वितीय सोर्सिंग का अद्भुत मंच…’ रखी गई है। इसके जरिए उत्तर प्रदेश को देश-विदेश के कारोबारियों, निवेशकों और खरीदारों के लिए बड़े सोर्सिंग हब के रूप में पेश किया जाएगा। मेले में प्रदेश की औद्योगिक क्षमता के साथ पारंपरिक उत्पाद, आधुनिक तकनीक, निर्यात क्षमता और कृषि आधारित उद्योगों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
इन क्षेत्रों की कंपनियां दिखाएंगी क्षमता
ट्रेड शो में ODOP, ODOС, MSME, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, रक्षा एवं एयरोस्पेस, कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रिक वाहन, फार्मा एवं हेल्थकेयर समेत कई क्षेत्रों की कंपनियां और संस्थाएं हिस्सा लेंगी। टेक्सटाइल, हथकरघा, निर्यात, लॉजिस्टिक्स, रियल एस्टेट, पर्यटन और संस्कृति को भी प्रमुखता दी जाएगी।
36,500 वर्ग मीटर में होगा आयोजन
इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में करीब 36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी क्षेत्र बुक किया गया है। अलग-अलग औद्योगिक और कारोबारी क्षेत्रों के लिए लेआउट को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को उत्तर प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक क्लस्टरों और उत्पादों को एक ही मंच पर देखने का अवसर मिलेगा।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा वैश्विक बाजार
UPITS-2026 को केवल औद्योगिक प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रखा गया है। इसमें उत्तर प्रदेश की हस्तशिल्प, हथकरघा, पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को भी प्रदर्शित किया जाएगा। MSME और ODOP से जुड़े उद्यमियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, EV, रक्षा और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्र प्रदेश की नई औद्योगिक क्षमता को सामने रखेंगे।









