IndiGo Flight Diverted to Lucknow: भुवनेश्वर से वाराणसी जा रही इंडिगो की फ्लाइट को शुक्रवार रात अचानक लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। विमान में 175 यात्री और 6 क्रू मेंबर समेत कुल 181 लोग सवार थे। पायलट की ओर से न्यूनतम फ्यूल की सूचना दिए जाने के बाद विमान को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला लिया गया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E2452 ने भुवनेश्वर से वाराणसी के लिए उड़ान भरी थी। वाराणसी पहुंचने से पहले विमान को एयरस्पेस में करीब दो बार चक्कर लगाने पड़े। बताया जा रहा है कि उस दौरान दूसरी फ्लाइटों को लैंडिंग की अनुमति मिल रही थी, लेकिन इस विमान को क्लीयरेंस नहीं मिल सका।
फ्यूल कम होने की सूचना पर पायलट ने लिया फैसला
वाराणसी में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के बीच विमान में फ्यूल कम होने की स्थिति सामने आई। इसके बाद पायलट ने विमान को लखनऊ डायवर्ट करने का फैसला किया। विमान रात करीब 9 बजकर 3 मिनट पर लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया।
लैंडिंग के दौरान किसी भी यात्री को परेशानी नहीं हुई। हालांकि, लखनऊ पहुंचने के बाद यात्रियों ने शुरुआत में विमान से उतरने में हिचक दिखाई। उनका कहना था कि उन्हें वाराणसी ही पहुंचाया जाए। काफी समझाने के बाद सभी यात्री विमान से नीचे उतरे। इसके बाद एयरलाइन की ओर से यात्रियों के रात में ठहरने के लिए लखनऊ के होटलों में व्यवस्था की गई।
बदला फ्लाइट नंबर, शनिवार सुबह वाराणसी पहुंचा विमान
शुरुआत में विमान को रात 9:45 बजे लखनऊ से दोबारा रवाना करने की योजना थी, लेकिन बाद में इसमें बदलाव कर दिया गया। एक समय विमान को यात्रियों के बिना कोलकाता भेजने की तैयारी भी हुई, हालांकि बाद में यह योजना रद्द कर दी गई।
आखिरकार संशोधित संचालन योजना के तहत विमान का फ्लाइट नंबर बदलकर 6E9071 कर दिया गया। इसके बाद शनिवार सुबह विमान लखनऊ से वाराणसी के लिए रवाना हुआ। सुबह 9 बजकर 22 मिनट पर इसने वाराणसी के लिए उड़ान भरी।
क्या होता है न्यूनतम फ्यूल अलर्ट?
एविएशन नियमों के मुताबिक, न्यूनतम फ्यूल की सूचना का मतलब है कि विमान के पास अब लंबे समय तक हवा में रहने के लिए पर्याप्त अतिरिक्त ईंधन नहीं बचा है। हालांकि, इसे सीधे तौर पर फ्यूल इमरजेंसी नहीं माना जाता, लेकिन ऐसी स्थिति में विमान को अनावश्यक इंतजार कराना जोखिम बढ़ा सकता है।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने वाराणसी में भीड़ को डायवर्जन की वजह बताया, जबकि एटीसी से मिली जानकारी में फ्यूल कम होने की बात सामने आई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दूसरी फ्लाइटों को लैंडिंग की अनुमति मिलने के बावजूद इंडिगो की इस फ्लाइट को क्लीयरेंस क्यों नहीं मिला। एयरलाइन की ओर से भी मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।























