Agra Lucknow Expressway Accident:आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। फतेहाबाद थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 34.100 किलोमीटर के पास ग्लूकोज से भरा DCM ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया गया कि चलते समय DCM का अगला टायर अचानक फट गया। इसके बाद ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक आगे चल रहे ऑक्सीजन गैस टैंकर से जा टकराया।
टैंकर से भिड़ा DCM
हादसे के समय ऑक्सीजन गैस टैंकर जमशेदपुर से भिवानी की तरफ जा रहा था। टैंकर में बिहार के मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र निवासी अजय कुमार और झारखंड के जमशेदपुर के मैंगो इलाके के रहने वाले अनीश खान सवार थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ग्लूकोज लदे DCM का टायर फट गया और वह तेजी से अनियंत्रित होकर टैंकर से भिड़ गया।
दोनों वाहन क्षतिग्रस्त
DCM और ऑक्सीजन टैंकर के बीच टक्कर काफी जोरदार थी। टक्कर के बाद दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा और एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए स्थिति बिगड़ गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी ड्राइवर को चोट नहीं आई। दोनों सुरक्षित बताए गए हैं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
टीमों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस और UPEIDA की टीमें मौके पर पहुंच गईं। टीमों ने स्थिति का जायजा लेने के साथ एक्सप्रेसवे पर यातायात को व्यवस्थित कराया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई। दोनों गाड़ियों को सड़क से हटाए जाने के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई और वाहनों की आवाजाही दोबारा सुचारु रूप से शुरू हो गई।
टायर फटने से हादसा
UPEIDA के असिस्टेंट सिक्योरिटी ऑफिसर (फर्स्ट) सुधीश कुमार शुक्ला ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसा DCM ट्रक का अगला टायर फटने के कारण हुआ। टायर फटने के बाद वाहन अनियंत्रित हुआ और आगे चल रहे ऑक्सीजन टैंकर से टकरा गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दुर्घटना में किसी भी ड्राइवर को चोट नहीं आई। समय रहते वाहनों को हटाने से एक्सप्रेसवे पर यातायात भी सामान्य कर दिया गया।








