लखनऊ ऑनलाइन डेस्क। आजम नाम ही काफी है। जेल में रहते हैं तो खबर बनते हैं। सलाखों से बाहर आते हैं तो देश में गर्दा उड़ाए रहते हैं। चुनाव के वक्त जब जनसभाएं करते हैं तो अलग ही रौला दिखाते हैं। खुलकर बोलते हैं। पुष्पा स्ट्राइल में अफसरों पर बरसते हैं। यही खूबियां उन्हें देश के अन्य नेताओं से अलग बनाती हैं। इसी के चलते उन्होंने राजनीति की पिच पर दोस्त से ज्यादा दुश्मन बना लिए हैं। यही वजह है कि आजम खान 2019 के बाद से कभी जेल के अंदर तो कभी जेल के बाहर रहते हैं। अब रामपुर के खान साहब 55 दिन के बाद फिर से जेल के अंदर पहुंच गया हैं। ऐसे में सपा के नेता जेल प्रशासन पर आजम खान का उत्पीड़न का आरोप लगा रहे हैं।
दरअसल, दो पैन कार्ड के आरोप में रामपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व उनके बेटे अब्दुल्ला को दोषी करार देते हुए सात-सात की सजा सुनाई है। आजम खान रामपुर की जेल में सजा काट रहे हैं। जिसको लेकर सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए आजम खान की बात मीडिया के समक्ष रखी। जिलाध्यक्ष अजय सागर ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा सजा काट रहे समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान को जिस बैरक में रखा गया है, उसकी खिड़कियां टूटने के कारण रातभर ठंडी हवाएं अंदर आती हैं। इससे उनकी तबीयत बिगड़ गई है। उन्होंने जिला प्रशासन और जेल प्रशासन से तुरंत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल के राजद्वारा स्थित आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूदा जिलाध्यक्ष अजय सागर ने कहा कि जेल के अंदर आजम खान के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल प्रशासन ना तो आजम खान को मूलभूत सुविधाएं दे रहा है और ना ही उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सुविधाएं बहाल करने और मानवीय आधार पर जरूरी कदम उठाने की मांग की। इस दौरान सपा के नगर अध्यक्ष आसिम राजा ने आरोप लगाया कि न्यायालय के आदेश के बावजूद एक वरिष्ठ राजनेता के तौर पर आजम खान को मिलने वाली सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
आसिम राजा ने कहा कि जिस बैरक में आजम खान को रखा गया है, उसमें 28 खिड़कियां हैं जो पूरी तरह टूटी हुई हैं। जिनसे रातभर ठंडी हवा सीधे अंदर आती है। उन्होंने यह भी बताया कि आजम खान को नमाज अदा करने के लिए कुर्सी या स्टूल तक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। जिलाध्यक्ष अजय सागर ने भी आरोप लगाया कि कड़ाके की ठंड के बावजूद उन्हें ओढ़ने के लिए पर्याप्त कंबल तक नहीं दिए गए हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आजम खान को तत्काल जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। जिससे उनकी सेहत और सुरक्षा प्रभावित ना हो। जिलाध्यक्ष ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आजम खान बीमार हैं। ऐसे में उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया जाए। सपा के आरोपों को जेल प्रशासन ने गलत बताया है।










