Kanpur death case :उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के गुजैनी थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय युवती की मौत से परिवार में मातम छा गया। वरुण विहार निवासी कृपा कुमारी का शनिवार 12 सितंबर को जन्मदिन था। लेकिन जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले शुक्रवार को उसकी मौत की खबर से परिवार सदमे में आ गया।
कृपा के पिता प्रेम कुमार के मुताबिक, गुरुवार रात वह उनके पास बैठी थी। बातचीत के दौरान उसने पिता से दुलार करते हुए पूछा था कि इस बार जन्मदिन पर उसे क्या गिफ्ट मिलेगा। पिता अपनी इकलौती बेटी के लिए उपहार को लेकर सोच ही रहे थे कि कुछ ही घंटों बाद परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली।
रात में ऊपर गई थी युवती
प्रेम कुमार निजी क्षेत्र में काम करते हैं। परिवार में उनकी पत्नी राधा, दो बेटे आयुष और संजय तथा इकलौती बेटी कृपा थी। परिजनों के अनुसार, कृपा और उसके भतीजे मयंक का जन्मदिन एक ही दिन मनाया जाता था।
गुरुवार रात परिवार के सभी सदस्य आपस में बातचीत करने के बाद सोने चले गए। देर रात कृपा घर की ऊपरी मंजिल पर चली गई। शुक्रवार सुबह जब वह अपने बिस्तर पर नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। ऊपर कमरे का दरवाजा बंद मिलने पर परिजनों ने उसे खोला, जिसके बाद अंदर युवती को मृत पाया गया।
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर गुजैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मोहल्ले में आना-जाना नहीं था
गुजैनी थाना इंस्पेक्टर राजन शर्मा के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया कि परिवार का मोहल्ले में लोगों से ज्यादा आना-जाना नहीं था। परिवार के मकान का मुख्य गेट भी अक्सर बंद रहता था।
पुलिस के मुताबिक, कृपा मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं करती थी। परिजनों ने बताया कि उसने किसी तरह 10वीं की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद 11वीं में पढ़ाई करने के बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी थी, क्योंकि उसका पढ़ाई में मन नहीं लगता था।
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस को युवती की मौत के पीछे की स्पष्ट वजह का पता नहीं चल सका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बेटी के साथ हुई आखिरी बातचीत को याद कर पिता प्रेम कुमार भावुक हो गए। जन्मदिन से ठीक पहले इकलौती बेटी की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।







