Lucknow Coaching Center Fire:उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में स्थित एक कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। आग लगने के बाद कोचिंग सेंटर में अफरा-तफरी मच गई और छात्र अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को तत्काल अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में हुई यह अग्नि दुर्घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों से संपर्क कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही घटना की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मृतकों की हुई पहचान
प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सागर, नीलेश, अनामिका, संयम, अनुछा, सुखमणि, आदित्य श्रीवास्तव, ज्योति, भविष्य, अब्दुल रहमान, सूरज शाह, भाहजान, जयनिल चक्रवर्ती, मोहम्मद अम्मार और सुमल्या के रूप में हुई है।
वहीं घायलों में जयंत, लवप्रीत, मोहम्मद आसिफ, भुवन श्रीवास्तव, पंकज, शैलेन्द्र, अभिषेक, पंकज जोशी और गौरव कुमार शामिल हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करने का भी ऐलान किया गया है।
सरकार ने जिला प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लिया जायजा
घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि हादसे में 15 छात्रों की मौत हुई है और घायलों का बेहतर इलाज कराया जा रहा है। उनके अनुसार आग पहली मंजिल से उठे धुएं के कारण तेजी से फैली। सीढ़ियों में आग और धुआं भर जाने से कई छात्र फंस गए थे।
कुछ छात्रों ने केबल के सहारे नीचे उतरकर जान बचाई, जबकि कुछ ने ऊंचाई से छलांग लगाई। उन्होंने कहा कि एक गंभीर रूप से घायल छात्र का ऑपरेशन जारी है। इस दुखद घटना ने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया है।






