Food Safety Alert: गोरखपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने चार नामी ब्रांड के खाद्य उत्पादों को लेकर अलर्ट जारी किया है। प्रयोगशाला जांच में रुचि का धनिया पाउडर, पतंजलि का सब्जी मसाला, अशोक की लाल मिर्च और टाप गोल्डन की कांटिनेंटल सॉस असुरक्षित पाए गए हैं। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने इन उत्पादों के चिह्नित बैच की बिक्री पर पूरे उत्तर प्रदेश में रोक लगा दी है। निर्माताओं को संबंधित उत्पाद बाजार से वापस मंगाने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच में असुरक्षित मिले चार उत्पाद
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, गोरखपुर के अभिहित अधिकारी एवं सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. सुधीर कुमार सिंह के मुताबिक, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए चलाए गए अभियान के दौरान इन उत्पादों के नमूने लिए गए थे। प्रयोगशाला विश्लेषण में नमूने असुरक्षित पाए जाने के बाद प्रतिबंध का आदेश जारी किया गया।
जांच में रुचि ब्रांड के धनिया पाउडर का बैच नंबर KCO-14/26 असुरक्षित मिला। इसका निर्माण ओम ऑयल एंड फ्लोर मिल्स लिमिटेड, कटक (ओडिशा) करती है। वहीं, पतंजलि फूड्स लिमिटेड के सब्जी मसाले का बैच नंबर AF12600007 भी जांच में असुरक्षित पाया गया। इसका नमूना प्रतापगढ़ से लिया गया था।
इसके अलावा अशोक ब्रांड की लाल मिर्च के बैच नंबर 84E04 का नमूना कानपुर नगर और टाप गोल्डन की कांटिनेंटल सॉस के बैच नंबर 212 का नमूना वाराणसी से लिया गया था। दोनों नमूने भी जांच में असुरक्षित मिले।
दुकानदारों को बिक्री और भंडारण रोकने का निर्देश
विभाग ने गोरखपुर के सभी थोक और फुटकर खाद्य कारोबारियों को इन चारों उत्पादों के चिह्नित बैच की खरीद-बिक्री और भंडारण तत्काल बंद करने का निर्देश दिया है। दुकानों और गोदामों में मौजूद संबंधित उत्पादों को बिक्री से हटाने को कहा गया है।
उपभोक्ताओं से इस्तेमाल न करने की अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इन उत्पादों के बताए गए बैच नंबर का इस्तेमाल न करें। यदि किसी दुकान पर इनकी बिक्री होती दिखाई दे, तो विभाग को सूचना दें। आदेश का उल्लंघन करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



















