लखनऊ ऑनलाइन डेस्क। उत्तर प्रदेश में हरदिन मौसम रंग बदल रहा है। नवंबर 2024 में प्रचंड गर्मी तो दिसंबर में कड़के की सर्दी। अब अपैल 2025 में फिर से मौसम ने बेवफाई की है। आंधी, बारिश, वज्रपात के बाद लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग की माने तो अगले 5 दिनों में 3 से 5 ℃ तक अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में कानपुर के अलावा लखनऊ परिक्षेत्र में गर्मी पड़ेगी और लू का भी सामना करना पड़ सकता है। सीएसए के मौसम विभाग ने लू को लेकर अलर्ट जारी किया है। लोगों को धूप से बचने की सलाह दी गई है।
15 साल बाद न्यूनतम तापमान ने रिकॉर्ड बनाया
मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में कुछ जिलों में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिर सकती है। साथ ही कुछ जनपदों में तापमान में बढ़ोतरी होगी। 21 अप्रैल को यूपी के 50 फीसदी इलाकों में मौसम साफ रह सकता है। साथ ही 22 अप्रैल से 26 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 22 अप्रैल से 24 अप्रैल से कहीं-कहीं उष्ण लहर, लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं लखनऊ में 25.1℃ न्यूनतम और 38.6℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। कानपुर में रविवार की रात का तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री अधिक रहा। 15 साल बाद न्यूनतम तापमान ने रिकॉर्ड बनाया है।
तपिश बढ़ने और लू चलने का अलर्ट
कानपुर के एयर फोर्स स्टेशन के मौसम केंद्र में रविवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं सीएसए की मौसम वेधशाला में अधिकत तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया। दो-तीन दिनों में अधिकतम तापमान डेढ से दो डिग्री बढ़ने का पूर्वानुमान है। इसके साथ ही रात के न्यूनतम तापमान ने 15 साल के बाद फिर रिकॉर्ड बनाया है। रात का तापमान सामान्य औसत से 5.8 डिग्री अधिक रहा। इसके साथ मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तपिश बढ़ने और लू चलने का अलर्ट जारी किया है। सीएसए मौसम विभाग की मानें तो कानपुर में बादलों का ढेर नहीं रहेगा। बारिश नहीं होगी। हालांकि आंधी चलने का अनुमान है। ऐसे में अब शहरवासियों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
अब थार मरुस्थल वाली हवाएं आएंगी
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर पश्चिमी हवाएं दो तरफ से आती हैं। पहाड़ों से आने वाली हवाओं के साथ ठंडक होती है और राजस्थान के थार मरुस्थल से होकर हवाएं गर्म होती हैं। कानपुर परिक्षेत्र में अब थार मरुस्थल वाली हवाएं आएंगी। इससे गर्म हवाओं के थपेड़े लगेंगे और लू चलने लगेगी। धीरे-धीरे गर्मी बढ़ती रहेगी। अधिकतम तापमान डेढ़ से दो डिग्री दो-तीन में बढ़ने की संभावना है। इसके साथ ही रात में बादल रहने पर न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोत्तरी हो सकती है। पांच दिन आसमान साफ रहेगा। आने वाले पांच दिनों में लू चलने का अनुमान है। इस संबंध में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
सूचकांक 50-60℃ के बीच रहने की संभावना
मौसम विभाग की माने तो सोमवार को बांदा, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्ज़ापुर, चंदौली, जौनपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, बस्ती, सुल्तानपुर, अयोध्या, अम्बेडकर नगर, बुलन्दशहर, अलीगढ, एटा, फर्रुखाबाद, बदायूं, हमीरपुर, आजमगढ़, बाराबंकी, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर और गोंडा में ताप सूचकांक 60℃ के ऊपर रह सकता है। जबकि चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, वाराणसी, संतरविदास नगर, गाजीपुर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और संभल में ताप सूचकांक 50-60℃ के बीच रहने की संभावना है।
सबसे ज्यादा 42.6℃ अधिकतम तापमान दर्ज
सहारनपुर, शामली, मुज़फ़्फ़रनगर, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड, गौतमबुद्धनगर, मथुरा, हाथरस, कासगंज, आगरा, इटावा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, औरैया, बिजनौर, बागपत, जालौन, महोबा, झांसी और ललितपुर में ताप सूचकांक 40-50°ब् के बीच रहने की संभावना है। वहीं प्रदेश में तापमान की बात करे तो अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं रविवार को हमीरपुर में सबसे ज्यादा 42.6℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। जबकि बांदा में 41.4℃, प्रयागराज में 41.9℃, चुर्क में 41.2℃, वाराणसी बीएचयू में 40.8℃, आगरा ताज में 40.6℃, झांसी में 42.2℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।