Viral Wedding: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में हुई एक शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां तीन सगी बहनों ने एक ही युवक को अपना जीवनसाथी चुना और उसके साथ शादी की। यानी एक दूल्हे ने एक साथ तीन दुल्हनों के साथ सात फेरे लिए। बताया जा रहा है कि तीनों बहनें आपस में काफी समय से इस फैसले को लेकर एकमत थीं। परिवार की सहमति के बाद उन्होंने एक ही युवक के साथ विवाह करने का फैसला किया। शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
तीनों बहनें कौन?
रिपोर्ट के मुताबिक, तीनों बहनों के नाम अल्का, देविका और संतोष बताए गए हैं। इनकी उम्र तकरीबन 20, 19 और 18 वर्ष है। तीनों बहनें सोशल मीडिया पर वीडियो और रील्स बनाती हैं और उनके कंटेंट को काफी व्यूज मिलते हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने साथ काम करने वाले कैमरामैन विकास के साथ 17 जुलाई को अमरोहा के हसनपुर स्थित चामुंडा माता मंदिर में विवाह किया। शादी से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वहीं, कुछ हिंदूवादी संगठनों ने इस विवाह को लेकर आपत्ति जताई है।
थाने पहुंचा मामला
शादी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने चारों लोगों को थाने बुलाकर बातचीत की। गुरुवार को तीनों बहनें और विकास एक साथ थाने पहुंचे। पुलिस के सामने तीनों बहनों ने कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा और परिवार की सहमति से शादी की है। उन्होंने दावा किया कि वे सभी बालिग हैं और इस विवाह को लेकर उन्हें या उनके माता-पिता को कोई आपत्ति नहीं है। तीनों ने यह भी कहा कि बचपन से ही उनका विचार था कि वे शादी के बाद भी एक ही परिवार में रहेंगी, लेकिन उन्हें ऐसा कोई परिवार नहीं मिला जहां तीन अविवाहित भाई हों।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के गंगा तटबंध के किनारे धोरिया गांव निवासी सगी बहनों देविका (18) और छवि (19) तथा उनकी मौसेरी बहन अलका (20) ने विकास उर्फ विक्कू (23) नामक युवक से चामुंडा मंदिर में शादी रचा ली।
साथ रहने का फैसला
तीनों बहनों ने पुलिस के सामने अपने फैसले पर कायम रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि वे एक-दूसरे से अलग नहीं होना चाहतीं और साथ रहकर खुश हैं। तीनों का कहना था कि उन्होंने अपनी मर्जी से यह निर्णय लिया है और भविष्य में भी एक साथ रहना चाहती हैं। इस दौरान तीनों बहनें और विकास एक साथ थाने पहुंचे और सामान्य नजर आए। पुलिस ने मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों को समझने के लिए उनसे पूछताछ की।
मंदिर में हुई शादी
बताया जा रहा है कि विवाह के दौरान मंदिर में चारों ने पहले हवन और पूजा की। इसके बाद अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए गए। दूल्हे विकास ने तीनों बहनों की बारी-बारी से मांग में सिंदूर भरा। शादी के बाद तीनों बहनों ने पति के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। वायरल वीडियो में हसनपुर नगर पालिका के बीजेपी चेयरमैन समेत कुछ अन्य महिलाएं भी दिखाई दे रही हैं। हालांकि, मंदिर के पुजारियों ने मंदिर परिसर में ऐसी किसी शादी के आयोजन से इनकार किया है।
सोशल मीडिया पर बवाल
शुरुआत में जब शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो कई लोगों ने इसे रील या मनोरंजन के लिए बनाया गया वीडियो समझा। लेकिन जब शादी की वास्तविकता सामने आई तो लोगों की प्रतिक्रियाएं और तेज हो गईं। तीनों बहनें सोशल मीडिया पर पहले से ही सक्रिय हैं और बताया जा रहा है कि उनके करीब 27 वीडियो के बाद लाखों फॉलोअर्स बन चुके हैं। मामले पर सवाल उठने के बाद तीनों ने एक वीडियो जारी कर अपने फैसले का बचाव किया। उन्होंने ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए कहा कि पुराने समय में राजाओं की कई रानियां होती थीं, तो उनके ऐसा करने में क्या गलती है। फिलहाल यह अनोखी शादी सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय स्तर तक चर्चा में बनी हुई है।








