Cricket News: ओमान के अल अमीरात में खेले जा रहे अंडर-19 एशिया कप 2026 में आज भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने हैं। इस मुकाबले में क्रिकेट के साथ दोनों देशों के बीच जारी नो-हैंडशेक नीति भी चर्चा में है। टॉस के दौरान भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने पाकिस्तानी कप्तान फरहान यूसुफ से हाथ नहीं मिलाया। इसके साथ ही जूनियर टीम ने भी सीनियर खिलाड़ियों की परंपरा को जारी रखा। टॉस के दौरान दोनों कप्तानों का हाथ नहीं मिलाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
दोनों टीमों की शानदार शुरुआत
अंडर-19 एशिया कप के मौजूदा संस्करण की शुरुआत 5 नवंबर को हुई थी। भारत और पाकिस्तान दोनों का यह टूर्नामेंट में दूसरा मुकाबला है। पाकिस्तान ने अपने पहले मैच में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को 9 विकेट से हराकर जीत दर्ज की थी। वहीं, भारतीय टीम ने नेपाल को 10 विकेट से शिकस्त दी थी।
टॉस पर नहीं मिलाए हाथ
मैच के टॉस के दौरान भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और पाकिस्तान के कप्तान फरहान यूसुफ मैदान पर आमने-सामने आए। हालांकि, दोनों के बीच किसी तरह की दोस्ताना बातचीत नहीं हुई। टॉस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लक्ष्य ने पाकिस्तानी कप्तान से हाथ भी नहीं मिलाया। इस तरह भारतीय अंडर-19 टीम ने भी नो-हैंडशेक नीति को बरकरार रखा।
क्यों शुरू हुई नो-हैंडशेक नीति?
भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट मुकाबलों में पिछले एक साल से खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने का चलन बंद है। इसकी पृष्ठभूमि अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले से जुड़ी है। इस हमले में 26 नागरिकों की जान गई थी। इसके बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था।
भारतीय टीम के तत्कालीन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एशिया कप 2025 के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाने का फैसला किया था। इसके बाद यह नीति पुरुष और महिला टी20 विश्व कप सहित दूसरे मुकाबलों में भी जारी रही। अब अंडर-19 टीम ने भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाया है।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत अंडर-19 की टीम में कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ आर्यवीर सहवाग, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), अर्जुन राजपूत, ईशान सूद, काव्या पटेल, मनाल चौहान, मोहित उल्वा, यशवीर गौड़, वीके विनीत और यशवर्धन चौहान शामिल हैं।
पाकिस्तान अंडर-19 की प्लेइंग इलेवन में उस्मान खान, जहांगीर बिलाल, अब्दुल कादिर, अहमद हुसैन, अली रजा, हमजा जहूर (विकेटकीपर), हसनैन अब्बास डार, मोहम्मद सय्याम, फरहान यूसुफ (कप्तान), निकाब शफीक और रिजवानुल्लाह को जगह मिली है।






















