India’s Got Latent Season 2: पॉपुलर स्टैंड-अप कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर Samay Raina ने अपने चर्चित शो India’s Got Latent के दूसरे सीज़न की आधिकारिक घोषणा कर दी है। शो की वापसी की खबर सामने आते ही फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया है। इस बार शो को नेटफ्लिक्स और यूट्यूब दोनों प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम किया जाएगा।
प्रोमो वीडियो में दी नई जानकारी
हाल ही में Netflix India ने समय रैना और बलराज सिंह घई का एक प्रोमोशनल वीडियो जारी किया। वीडियो में दोनों ने शो के नए सीज़न को लेकर चर्चा की। समय ने बताया कि ‘India’s Got Latent’ का दूसरा सीज़न एक साथ नेटफ्लिक्स और यूट्यूब पर प्रीमियर होगा।
वीडियो में बलराज सिंह घई ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि यदि कंटेंट एक जैसा रहेगा तो दर्शक नेटफ्लिक्स क्यों चुनेंगे। इस पर समय ने कहा कि नेटफ्लिक्स दर्शकों को बिना विज्ञापन के देखने का अनुभव देगा।
20 जून को रिलीज होगा पहला एपिसोड
नेटफ्लिक्स इंडिया ने घोषणा की है कि ‘India’s Got Latent’ अब उसके कंटेंट लाइनअप का हिस्सा बन गया है। जानकारी के अनुसार, सीज़न 2 का पहला एपिसोड 20 जून को रिलीज किया जाएगा। इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर शो को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और फैंस नए एपिसोड का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
विवादों में रहा था पहला सीज़न
शो का पहला सीज़न काफी लोकप्रिय रहा था, लेकिन यह कई विवादों की वजह से भी सुर्खियों में आया। यूट्यूबर Ranveer Allahbadia की एक टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी। मामले ने कानूनी रूप भी लिया और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की नौबत आ गई थी।
वापसी पर टिकी हैं सभी की निगाहें
विवादों के बावजूद ‘India’s Got Latent’ ऑनलाइन सबसे चर्चित कॉमेडी शोज़ में शामिल रहा। अब नेटफ्लिक्स के साथ इसकी वापसी को लेकर दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। फैंस को उम्मीद है कि दूसरा सीज़न पहले से ज्यादा मनोरंजक और दमदार साबित होगा।









