National Dengue Day:डेंगू एक वायरल बीमारी है जो खासतौर पर एडीज मच्छर के काटने से फैलती है। यह मच्छर आमतौर पर साफ पानी में पनपता है और दिन में काटता है। डेंगू होने पर तेज बुखार, सिर दर्द, बदन दर्द, जोड़ों में दर्द, थकान और शरीर पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। अगर समय पर इलाज न हो, तो शरीर में प्लेटलेट्स की संख्या बहुत कम हो सकती है जिससे स्थिति गंभीर हो सकती है।
कब मनाया जाता है राष्ट्रीय डेंगू दिवस?
हर साल 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया जाता है। इसका मकसद लोगों को इस बीमारी के बारे में जानकारी देना और उन्हें इसके बचाव के तरीके सिखाना होता है। गर्मी और बरसात के मौसम में मच्छरों की संख्या बढ़ जाती है, जिससे डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ता है।
डेंगू से कैसे बचा जाए?
घर के आसपास पानी जमा न होने दें।
कूलर, टंकी, फूलदान या किसी भी बर्तन में पानी जमा न रखें।
पूरी बांह के कपड़े पहनें ताकि मच्छर काट न सके।
मच्छरदानी का इस्तेमाल करें, खासकर रात में सोते समय।
घर और आस-पास की सफाई का खास ध्यान रखें।
डेंगू हो जाए तो घबराएं नहीं
अगर किसी को डेंगू हो जाए, तो सबसे जरूरी है कि वो घबराए नहीं। मरीज को ज्यादा से ज्यादा तरल चीजें दीजिए जैसे नींबू पानी, नारियल पानी, जूस, सूप आदि। बुखार और दर्द के लिए डॉक्टर की सलाह से पैरासिटामॉल दिया जा सकता है।
कुछ लोग पपीते के पत्ते का रस या गिलोय का काढ़ा भी देते हैं, लेकिन इनका असर वैज्ञानिक रूप से साबित नहीं है। इसलिए इन घरेलू उपायों को आजमाने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
सरकारें भी कर रही हैं प्रयास
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर लोगों से अपील की कि वे साफ-सफाई का ध्यान रखें और मच्छरों से बचाव करें। उन्होंने कहा कि अगर हम सतर्क रहें तो डेंगू जैसी बीमारी को रोका जा सकता है।
डेंगू मच्छर की पहचान कैसे करें?
एडीज मच्छर काले रंग का होता है और उसके शरीर पर सफेद धारियां होती हैं। यह मच्छर ज्यादातर दिन में काटता है और साफ पानी में पनपता है।
राष्ट्रीय डेंगू दिवस हमें जागरूक और सतर्क रहने की सीख देता है।

























